'राजस्थान में कांग्रेस एकजुट, बिखरी हुई तो भाजपा है..', अजमेर में चुनावी रैली में प्रियंका गांधी का बड़ा दावा
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजस्थान में भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भगवा पार्टी राज्य में ''विखंडित'' है, जबकि उनकी पार्टी ने एकजुट मोर्चा बनाया है। उन्होंने कहा कि जो लोग धर्म या जाति के नाम पर वोट मांगते हैं, वे अपने काम के आधार पर वोट मांगने की स्थिति में नहीं हैं। वह चुनावी राज्य राजस्थान के अजमेर के केकड़ी में एक रैली को संबोधित कर रही थीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने लोगों से विभिन्न दलों द्वारा किए गए कार्यों का आकलन करने के बाद वोट करने का आग्रह किया। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि, "अगर कोई धर्म या जाति के नाम पर वोट मांगता है, तो इसका मतलब है कि वह काम के आधार पर वोट नहीं मांग सकता।" प्रियंका गांधी ने कहा कि, ''राजस्थान में कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरे हैं, जबकि भाजपा पूरी तरह से बिखरी हुई है।'' उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने राज्य में अपने नेताओं को दरकिनार कर दिया है और किसी नये की तलाश कर रही है।
प्रियंका ने कहा कि भाजपा की नीति बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की है और वह ''गरीबों और मध्यम वर्ग के बारे में नहीं सोचती।'' उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी। बता दें कि, 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
Nov 21 2023, 14:26